लखनऊ विश्वविद्यालय में लोक भारती एवं राष्ट्रीय सेवा योजना द्वारा 8 नवम्बर, 2015 को गोमती मित्र-मण्डल सम्मेलन, एवं पर्यावरण संरक्षण पर राष्ट्रीय संगोष्ठी का आयोजन माननीय राज्यपाल की उपस्थिति में सम्पन्न हुआ। इस हेतु जब लोक भारती के राष्ट्रीय संगठन सचिव ब्रजेन्द्र पाल सिंह, आयोजन के संयोजक गोपाल उपाध्याय एवं लखनऊ विश्वविद्यालय के डा॰ महेन्द्र प्रताप अग्निहोत्री लखनऊ विश्वविद्यालय एवं डा॰ अब्दुल कलाम प्राविधिक विश्वविद्यालय के कुलपतियों से मिले और इस आयोजन के उद्देश्य के विषय में उन्होंने बताया कि, पर्यावरण एवं नदियों के संरक्षण के लिए हम जहाँ हैं, वहाँ अपने विश्वविद्यालय परिसर में क्या कर सकते हैं? दोनों कुलपतियों ने अपने सहयोगियों से इस सम्बन्ध में तत्काल कार्ययोजना बनाने के लिए कहा, जिसकी घोषणा उनके द्वारा कार्यक्रम के मंच से भी की गई। घोषणा के एक माह पूरा होते-होते लखनऊ विश्वविद्यालय ने दो योजनाओं पर कार्य प्रारम्भ भी कर दिया।
(एक) सौर ऊर्जा - विश्वविद्यालय के पुराने व नये दोनों कैम्पसों को सौर ऊर्जा युक्त करना प्राथमिकता है, जिसकी योजना बन रही है।
(दो) क्लीन-ग्रीन कैम्पस - पूरे परिसर को स्वच्छ बनाने हेतु विद्यार्थियों की सहभागिता के साथ 17 दिसम्बर, 2015 को स्वच्छता अभियान तथा परिसर को हराभरा बनाने के लिए 24-25 दिसम्बर, 2015 को पौधारोपण अभियान चलाया जाएगा।
उक्त अभियान की सूचना विश्वविद्यालय की प्राक्टर निशी पाण्डे ने बताई, जो अन्य परिसरों के लिए भी पे्ररणा बन सकती है।





